Greater Noida: कार की टक्कर का विरोध करने पर तीन लोगों से मारपीट
Greater Noida: कार की टक्कर का विरोध करने पर तीन लोगों से मारपीट
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र में कार से टक्कर मारने का विरोध करना तीन लोगों को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर मारपीट की, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी दीनानाथ यादव ने बताया कि बीटा सेक्टर निवासी सौरभ ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक 12 मई की रात करीब 10:30 बजे वह बोड़ाकी एक्सटेंशन स्थित मकान के सामने बने रैंप पर खड़े थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले विकास के जीजा मनीष ने कथित रूप से कार से उन्हें टक्कर मार दी।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो मनीष ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आरोपियों ने सौरभ और उनके स्टाफ हरीश व रिंकू के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। हमले में तीनों घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित की शिकायत के आधार पर मनीष और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

