Murder Case: ग्रेटर नोएडा में महिला को लेकर विवाद में युवक की हत्या, कंपनी के सहकर्मी पर आरोप

Murder Case: ग्रेटर नोएडा में महिला को लेकर विवाद में युवक की हत्या, कंपनी के सहकर्मी पर आरोप
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक की नुकीले हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे एक महिला को लेकर चल रहा विवाद था। मृतक और आरोपी एक ही कंपनी में अलग-अलग यूनिट में काम करते थे। घटना में आरोपी भी घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, देर रात डायल-112 पर सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर दो लोगों के बीच झगड़े की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने बरेली निवासी सुरेश को मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर नुकीले हथियार से कई वार के निशान मिले।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आरोपी नरेश और सुरेश एक ही कंपनी में कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक, जिस महिला से पहले नरेश का संपर्क था, वह अब सुरेश से बातचीत करने लगी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो गुरुवार रात हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




