ISRO NRSC collaboration: GNIDA ने ISRO के NRSC के साथ मिलकर AI आधारित अतिक्रमण मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने की पहल

ISRO NRSC collaboration: GNIDA ने ISRO के NRSC के साथ मिलकर AI आधारित अतिक्रमण मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने की पहल
नोएडा। ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (NRSC) के साथ मिलकर एआई आधारित अतिक्रमण मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने की पहल की है। बृहस्पतिवार को दिल्ली में GNIDA और NRSC के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। प्राधिकरण की ओर से एसीईओ सुमित यादव, जीएम प्रोजेक्ट एके सिंह और मैनेजर अभिषेक पाल मौजूद रहे।
यह परियोजना मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार आईएएस के निर्देशन में लागू की जा रही है। इसका उद्देश्य भूमि प्रबंधन में पारदर्शिता, वैज्ञानिकता और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करना है। देश में किसी भी विकास प्राधिकरण द्वारा यह पहली पहल है, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) को उच्च-रिज़ॉल्यूशन उपग्रह चित्रों के साथ एकीकृत कर अतिक्रमण की पहचान, विश्लेषण और रिपोर्टिंग की जाएगी।
इस प्रणाली से GNIDA को समयबद्ध जानकारी, जीआईएस आधारित दृश्य विश्लेषण और डेटा-ड्रिवेन निर्णय लेने की सुविधा मिलेगी। एमओयू के तहत NRSC एआई मॉडल, मॉनिटरिंग डैशबोर्ड और अलर्ट सिस्टम विकसित करेगा। साथ ही दीर्घकालिक कार्यान्वयन के लिए GNIDA को प्रशिक्षण और तकनीकी हस्तांतरण भी प्रदान किया जाएगा।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने कहा, “इस पहल से टेक-इनेबल्ड गवर्नेंस को बल मिलेगा। ISRO के सहयोग से भूमि संरक्षण और सार्वजनिक परिसंपत्तियों के प्रबंधन में अधिक पारदर्शिता, सटीकता और जवाबदेही आएगी।”
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव ने बताया, “एआई और उपग्रह आधारित मॉनिटरिंग से अतिक्रमण रोकथाम और कार्रवाई की क्षमता कई गुना बढ़ेगी। यह स्मार्ट, डेटा-ड्रिवन और प्रैक्टिव प्रवर्तन व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है।”



