राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : रील के चक्कर में जान से खिलवाड़, हापुड़ में युवकों का खतरनाक स्टंट वायरल

Hapur News : हापुड़ में सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ युवाओं की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है। ताजा मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड का है, जहां दो युवकों ने खतरनाक स्टंट कर अपनी जान जोखिम में डाल दी। दोनों युवक सड़क किनारे लगे ऊंचे प्रचार होर्डिंग पर चढ़ गए और वहां से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

मंगलवार को हुई इस घटना में दोनों युवक रील बनाने के उद्देश्य से मेरठ रोड पर पहुंचे थे। होर्डिंग पर चढ़ने के बाद उन्होंने खतरनाक तरीके से पुशअप लगाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, एक युवक ने एक हाथ छोड़कर हवा में लटकने का स्टंट भी किया, जिसे देखकर वहां से गुजर रहे लोग दंग रह गए।

बिना किसी सुरक्षा के ऊंचाई पर इस तरह का स्टंट करना किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था। जरा सी चूक होने पर दोनों युवकों की जान जा सकती थी। राहगीरों ने इस पूरे घटनाक्रम को देखकर हैरानी जताई और किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है और उन्होंने ऐसे स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button