राज्यउत्तर प्रदेश

Road Accident: तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से कर्मचारी की मौत, साथी गंभीर घायल

Road Accident: तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से कर्मचारी की मौत, साथी गंभीर घायल

नोएडा के कोतवाली फेज-2 क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में निजी कंपनी के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, बलिया जिले के तुर्विपास गांव निवासी विशाल कन्नौजिया ने शिकायत दर्ज कराई है कि उनके साथ सुभान और सबा एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार शाम ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोनों कर्मचारी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएसईजेड के पास दादरी-भंगेल मार्ग पर पीछे से तेज रफ्तार में आई रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कर्मचारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंगेल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान सबा ने दम तोड़ दिया। वहीं सुभान की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना फेज-2 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार बस चालक और वाहन की पहचान की जा सके।

एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी या वीडियो हो तो वह पुलिस को उपलब्ध कराए।

Related Articles

Back to top button