
Nawada (मृत्युंजय) : बालू माफिया की तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आने से 70 वर्षीय मोती यादव की मौत के बाद नवादा जिले के नारदीगंज थाना क्षेत्र में भारी आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने बाणगंगा गांव के पास राजगीर-गया मार्ग को जाम कर दिया है। यह जाम करीब 6 घंटे से जारी है।
घटना के अनुसार बालू माफिया चोरी-छिपे बालू लेकर तेज रफ्तार में ट्रैक्टर चला रहे थे। आरोप है कि चालक एक हाथ में स्टीयरिंग और दूसरे हाथ में मोबाइल लिए हुए था। इसी दौरान रोड किनारे खड़े बुजुर्ग मोती यादव को ट्रैक्टर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भागने की कोशिश में ट्रैक्टर पलट गया। चालक भागने लगा तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि पहले भी बालू माफिया के खिलाफ कार्रवाई और आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं। आक्रोशित लोगों ने मांग की है कि जिस रास्ते से बालू माफिया गुजरते हैं, वहां स्थायी चेकपोस्ट लगाई जाए और अवैध बालू ढुलाई पर कठोर कार्रवाई हो। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी, वे सड़क जाम नहीं हटाएंगे।
लंबे समय से लगे जाम के कारण राजगीर से गया जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन ग्रामीण न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।