Animation Park: यमुना सिटी में 100 एकड़ में बनेगा एनीमेशन पार्क, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के नए अवसर
यमुना सिटी को डिजिटल कंटेंट और मनोरंजन उद्योग का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय फिल्म सिटी के पास लगभग 100 एकड़ भूमि पर एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक (AVGC) पार्क विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों को निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित करेगा। डिज्नी जैसी वैश्विक कंपनियों से भी इस परियोजना में रुचि लेने का आग्रह किया जाएगा।
प्रस्तावित एवीजीसी पार्क में अत्याधुनिक एनीमेशन स्टूडियो, वीएफएक्स लैब, गेम डेवलपमेंट सेंटर, डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन यूनिट, प्रशिक्षण संस्थान, स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर और रिसर्च सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे फिल्म, ओटीटी, गेमिंग, विज्ञापन और डिजिटल मीडिया उद्योग को एक ही परिसर में आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
इस परियोजना का सबसे बड़ा लाभ युवाओं को मिलेगा। वर्तमान में इस क्षेत्र में रोजगार के लिए मुंबई, हैदराबाद, बेंगलुरु या विदेश का रुख करना पड़ता है, लेकिन पार्क बनने के बाद स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण और रोजगार उपलब्ध होगा। प्रस्तावित पार्क नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से मात्र 10 मिनट की दूरी पर स्थित होगा।


