Uttar Pradesh : हापुड़ में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा का भव्य स्वागत, युवाओं के जोश से गूंजा शहर

Hapur News : हापुड़ में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा के प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं ने जोरदार स्वागत कर शक्ति प्रदर्शन किया। शहर के गुरुद्वारे के निकट भाजपा युवा नेता पंडित दुष्यंत शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया। पूरे क्षेत्र में “डॉ. रोहित मिश्रा जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।
स्वागत समारोह के दौरान युवाओं का उत्साह और भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं का जोश देखकर डॉ. रोहित मिश्रा भावुक नजर आए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा ही युवाओं के सपनों को साकार करने वाली पार्टी है और युवाओं का भविष्य भाजपा के साथ सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती व्यवस्था दी है। आज उत्तर प्रदेश में बिना भेदभाव और बिना भ्रष्टाचार के योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। साथ ही प्रदेश में आधुनिक हाईवे, एक्सप्रेस-वे, बेहतर सड़क नेटवर्क और आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है, जिससे विकास की नई तस्वीर सामने आई है।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश प्रतिदिन विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। कानून व्यवस्था मजबूत हुई है, निवेश बढ़ा है और हर वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ जुटने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंडित दुष्यंत शर्मा ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का हापुड़ आगमन कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा लेकर आया है। युवाओं का यह उत्साह दर्शाता है कि भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर उनका विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्सव जैसा माहौल बना रहा।





