राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Health: जिला अस्पताल में नई थर्मल स्क्रीनिंग से होगी मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर जांच, महिलाओं को मिलेगी राहत

Noida Health: जिला अस्पताल में नई थर्मल स्क्रीनिंग से होगी मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर जांच, महिलाओं को मिलेगी राहत

नोएडा: महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के मामलों को देखते हुए नोएडा जिला अस्पताल ने एक नई जांच सुविधा शुरू की है। अब महिलाएं बिना किसी शुल्क के थर्मल स्क्रीनिंग के जरिए ब्रेस्ट कैंसर की प्रारंभिक जांच करा सकेंगी। इस नई तकनीक से रेडिएशन के डर और जटिल जांच प्रक्रिया से भी राहत मिलेगी।

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि वर्तमान समय में महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर के मामले लगातार बढ़ते देखे जा रहे हैं। कई बार ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और सामाजिक झिझक के कारण बीमारी की पहचान देर से हो पाती है, जिससे इलाज में परेशानी बढ़ जाती है।

उन्होंने बताया कि पहले ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए उपलब्ध तकनीक कई जगहों पर सीमित थी और इसमें जटिलता के साथ रेडिएशन का खतरा भी रहता था। अब जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिसमें थर्मल कैमरे की मदद से ब्रेस्ट में होने वाले असामान्य बदलावों की जांच की जाती है।

डॉ. झा ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग एक आसान और सुरक्षित प्रक्रिया है। यदि जांच में किसी तरह की आशंका सामने आती है तो मरीज की सोनोग्राफी और एफएनएसी (FNAC) जांच कराई जाती है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज का इलाज शुरू किया जाता है।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में ब्रेस्ट कैंसर के मरीजों के लिए ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध है। ऑपरेशन के बाद निकाले गए टिश्यू की जांच लैब में कराई जाती है, जिसकी रिपोर्ट करीब 8 से 10 दिन में मिल जाती है।

सीएमएस ने बताया कि ऑपरेशन के बाद जरूरत के अनुसार मरीजों को कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी की सलाह दी जाती है। फिलहाल जिला अस्पताल में कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, इसलिए मरीजों को उच्च कैंसर सेंटर में रेफर किया जाता है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में मरीजों की संख्या बढ़ने पर जिला अस्पताल में ही कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी की सुविधा शुरू कराने का प्रयास किया जाएगा। नई जांच सुविधा शुरू होने से अब कोई भी महिला ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण महसूस होने पर आसानी से जांच करा सकती है।

जिला अस्पताल में यह जांच कमरा नंबर 21 में उपलब्ध है। यहां जांच करने वाली लैब टेक्नीशियन पूजा ने बताया कि थर्मल स्क्रीनिंग कराने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां रखनी होती हैं।

उन्होंने बताया कि जांच से पहले महिला को कम से कम एक घंटे तक कुछ खाना नहीं चाहिए। इसके अलावा महिला गर्भवती नहीं होनी चाहिए, बुखार नहीं होना चाहिए और वह बच्चे को स्तनपान नहीं करा रही हो। शराब और धूम्रपान करने वाली महिलाओं को जांच से पहले कम से कम 24 घंटे का अंतर रखना होगा।

उन्होंने यह भी बताया कि जो महिलाएं कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी ले रही हैं, उन्हें जांच के लिए करीब एक महीने का अंतर रखना जरूरी है। यदि महिला इन परिस्थितियों में नहीं आती है तो वह तुरंत जिला अस्पताल पहुंचकर मुफ्त ब्रेस्ट कैंसर जांच करा सकती है।

Related Articles

Back to top button