Hapur : जनपद हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ तिराहा पर एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर दो समुदायों में तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मेरठ तिराहा क्षेत्र में चाऊमीन का ठेला लगाने वाले एक युवक पर दूसरे समुदाय के लोगों ने आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। आरोप के बाद लोगों में रोष व्याप्त हो गया और दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में एक युवक महापुरुष की प्रतिमा के समक्ष अपनी टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगता दिखाई दे रहा है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद आपसी सहमति और समझौते के बाद विवाद समाप्त हो गया। उसके बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। प्रसारित वीडियो और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर कोई नया तथ्य सामने आता है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


