राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Police Success: 450 गैंग का पर्दाफाश, 4823 अपराधी गिरफ्तार, 47.61 करोड़ की चोरी की संपत्ति बरामद

Noida Police Success: 450 गैंग का पर्दाफाश, 4823 अपराधी गिरफ्तार, 47.61 करोड़ की चोरी की संपत्ति बरामद

 

नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले साढ़े तीन वर्षों में चोरी, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं का खुलासा करते हुए 450 आपराधिक गैंग का पर्दाफाश किया है। इस दौरान 4823 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के तहत 1 दिसंबर 2022 से 31 मई 2026 तक कुल 3180 अभियोगों का सफल अनावरण किया गया। पुलिस का कहना है कि संगठित और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए चोरी एवं संपत्ति से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान चोरी किए गए वाहनों समेत बड़ी मात्रा में अन्य सामान बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 1681 वाहन बरामद किए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, मोबाइल फोन, आरआरयू उपकरण, सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक सामान, घरेलू वस्तुएं और नकदी भी बरामद की गई है।

बरामद की गई संपत्ति और नकदी की अनुमानित कीमत 47 करोड़ 61 लाख 13 हजार 916 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, यह राशि चोरी गई कुल संपत्ति का करीब 83.95 प्रतिशत है। पुलिस ने दावा किया है कि तकनीक, निगरानी और बेहतर जांच के जरिए अपराधियों तक पहुंच बनाई गई।

पुलिस द्वारा बरामद की गई संपत्तियों को उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपने की प्रक्रिया भी लगातार जारी है। इससे पीड़ित लोगों को राहत मिली है और पुलिस के प्रति आम जनता का भरोसा मजबूत हुआ है।

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है और चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन कार्रवाइयों का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करना और नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है। पुलिस का दावा है कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ चोरी और गुम हुई संपत्तियों की बरामदगी को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button