राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: तेज आंधी में ढही पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार, पड़ोसी परिवार बाल-बाल बचा

Noida: तेज आंधी में ढही पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार, पड़ोसी परिवार बाल-बाल बचा

नोएडा। एनसीआर में मंगलवार देर रात आई तेज आंधी और तूफान ने यमुना सिटी के रबूपुरा क्षेत्र में बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तेज हवाओं के कारण एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार और छत का हिस्सा पड़ोसी मकान पर गिर गया, जिससे दो मंजिला मकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के दौरान घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए, जबकि परिवार की दो महिलाएं मामूली रूप से घायल हो गईं। यह घटना रबूपुरा कस्बे के आजाद नगर स्थित टॉवर वाली गली में हुई। जानकारी के अनुसार, चांदपुर गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू अपने पांच मंजिला मकान का निर्माण करा रहे थे। उनके मकान के ठीक बगल में भाजपा नेता शमशेर खां और उनके भाई शमशुद्दीन का घर है। देर रात अचानक तेज आंधी चलने लगी, जिसके चलते निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल की दीवार और छत का हिस्सा टूटकर पड़ोसी मकान पर आ गिरा। हादसे के बाद मकान की छत और दीवारें भरभराकर गिर गईं। अचानक हुए इस हादसे से घर में सो रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबे के बीच फंसे परिवार के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में शमशुद्दीन की पत्नी नसीम और उनकी पुत्रवधू हसीबा घायल हो गईं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई। मकान गिरने की सूचना मिलते ही रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य की निगरानी की। पुलिस की मौजूदगी में रात में ही प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझाने का निर्णय लिया और किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। भाजपा नेता शमशुद्दीन ने बताया कि निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से उनका मकान लगभग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि सबसे बड़ी राहत यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनके और निर्माण कार्य करा रहे जितेंद्र के मकान को मिलाकर करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अब दोनों को दोबारा निर्माण कार्य कराना पड़ेगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में निर्माणाधीन इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे भवनों की नियमित जांच कराने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button