Noida: मोबाइल झपटमारी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 21 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

Noida: मोबाइल झपटमारी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 21 मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

नोएडा। सड़क पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले लोगों को निशाना बनाकर झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर अपराधियों को सेक्टर-58 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, 21 छीने गए मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। एडिशनल डीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश और प्रदीप के रूप में हुई है। दोनों सेक्टर-115 क्षेत्र में रहते हैं और लंबे समय से नोएडा, गाजियाबाद तथा दिल्ली-एनसीआर में मोबाइल झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने दोनों को सेक्टर-55 के पास स्थित एक खाली प्लॉट से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपने महंगे शौक तथा नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध की राह पर चल पड़े। दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर भीड़भाड़ वाले बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति मोबाइल पर बात करता या हाथ में फोन लेकर चलता दिखाई देता, वे पीछे से झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेते और मौके से फरार हो जाते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे एक ही बाइक का इस्तेमाल लगातार 15 से 20 दिनों तक करते थे और फिर बाइक बदल देते थे, ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। छीने गए मोबाइल फोन दिल्ली में ले जाकर बेचे जाते थे और उससे मिलने वाली रकम को नशे और अन्य खर्चों में इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के अनुसार बरामद किए गए 21 मोबाइल फोन नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में हुई विभिन्न झपटमारी की घटनाओं से जुड़े हैं। अब पुलिस मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान कर उन्हें वापस दिलाने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के पास से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की है, जो गाजियाबाद से चुराई गई थी और उसके संबंध में पहले से मामला दर्ज है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में पता चला कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। उनके खिलाफ नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में मोबाइल झपटमारी, चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है और संभावना है कि कई और मामलों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img