Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने विकास कार्यों और कांवड़ यात्रा तैयारियों की की समीक्षा

Hapur News : जनपद के प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में चल रहे सभी विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। साथ ही सभी योजनाओं की जानकारी नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।

प्रभारी मंत्री ने जल निगम के अधिकारियों को पेयजल योजनाओं का जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण परियोजनाओं का दोबारा निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गौशालाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को वर्षा ऋतु में हरे चारे, भूसे, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्माणाधीन नई गौशालाओं की प्रगति की जानकारी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

वृद्धावस्था पेंशन की समीक्षा में समाज कल्याण विभाग ने बताया कि केवाईसी और अन्य जानकारियां अपडेट होने के कारण भुगतान प्रभावित हुआ था। विभाग ने उम्मीद जताई कि मुख्यालय से आवश्यक पत्राचार के बाद अगस्त से पेंशन वितरण दोबारा शुरू हो जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई बनाए रखने और चिकित्सकों की कमी वाले केंद्रों पर संविदा के माध्यम से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा नगर निकायों को नियमित कूड़ा उठान और नालों की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होगा और 11 अगस्त को जलाभिषेक का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस पर प्रभारी मंत्री ने कांवड़ मार्गों के गड्ढे भरने, जलभराव समाप्त करने, विद्युत लाइनों की टैपिंग हटाने और मार्गों पर पेड़ों की समयबद्ध छंटाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए कहा।

बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना, पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img