Harola Village Murder Case: शादी से इनकार पर सनकी युवक का खूनी हमला, छत पर सो रहे परिवार पर बरसाए चाकू, महिला की मौत, तीन घायल

Harola Village Murder Case: शादी से इनकार पर सनकी युवक का खूनी हमला, छत पर सो रहे परिवार पर बरसाए चाकू, महिला की मौत, तीन घायल
नोएडा के हरौला गांव में शनिवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां शादी से इनकार करने पर नाराज युवक ने अपनी कथित गर्लफ्रेंड के परिवार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां और पति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और बिल्डिंग में रहने वाले लोग रातभर सहमे रहे।
पुलिस के अनुसार बिहार के छपरा निवासी सुरेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ हरौला गांव के बी-ब्लॉक स्थित एक किराए के मकान में रहते हैं। परिवार में उनकी पत्नी संजू देवी और बेटियां ज्योति व जूली शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बरेली निवासी हरिराम यादव का ज्योति के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी लगातार शादी का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की और उसके परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के मुताबिक शनिवार रात पूरा परिवार मकान की पहली मंजिल की छत पर सो रहा था। देर रात आरोपी चाकू लेकर वहां पहुंचा और सो रहे परिवार पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने सबसे पहले 40 वर्षीय संजू देवी पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने ज्योति पर हमला किया, जिसके सीने में चाकू लगा। ज्योति की बहन जूली के पैर में भी गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे पिता सुरेंद्र शर्मा भी हमले में घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी हरिराम यादव लंबे समय से ज्योति पर शादी का दबाव बना रहा था। पड़ोसियों के मुताबिक आरोपी पहले भी कई बार लड़की से झगड़ा और मारपीट कर चुका था। बताया जा रहा है कि ज्योति की पहले कहीं और शादी तय हुई थी, लेकिन आरोपी ने वह रिश्ता भी तुड़वा दिया था। परिवार ने कई बार उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन उसका व्यवहार लगातार आक्रामक होता गया।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने कुछ समय पहले अपना कमरा भी बदल लिया था और अपना अधिकांश सामान वहां से हटा लिया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा था।
जिस चार मंजिला बिल्डिंग में यह वारदात हुई, वहां करीब 200 परिवार रहते हैं। घटना के बाद पूरी बिल्डिंग में डर और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है।
नोएडा की एडिशनल डीसीपी Manisha Singh ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी से इनकार से जुड़ा पाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।



