
New Delhi Desk : भारतीय सिनेमा के चर्चित अभिनेता, जनप्रतिनिधि और सांसद रवि किशन शुक्ला को एलएनसीटी विश्वविद्यालय, भोपाल द्वारा मानद डॉक्टरेट उपाधि प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। यह सम्मान उन्हें कला, सिनेमा और सामाजिक जीवन में उनके योगदान के लिए दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय की ओर से दी जाने वाली ‘डॉक्टर ऑफ आर्ट्स (ऑनोरिस कॉसा)’ उपाधि उनके हिंदी और भोजपुरी फिल्म उद्योग में लंबे समय से किए गए उल्लेखनीय कार्य, भारतीय संस्कृति के संरक्षण में भूमिका और जनप्रतिनिधि के रूप में समाज सेवा के प्रति समर्पण को मान्यता देती है।
एलएनसीटी समूह, जिसकी स्थापना शिक्षाविद् और समाजसेवी जय नारायण चौकसे के नेतृत्व में हुई, पिछले तीन दशकों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय है। समूह के संस्थानों ने तकनीकी और चिकित्सा शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और सामाजिक पहल के तहत स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से भी बड़ी संख्या में लोगों तक सहायता पहुंचाई है।
यह सम्मान 4 मई 2026 को आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में प्रदान किया जाएगा। समारोह सुबह 10 बजे एलएनसीटी विश्वविद्यालय परिसर, रायसेन रोड, भोपाल में आयोजित होगा। इस अवसर पर रवि किशन विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने अनुभव साझा करेंगे। विश्वविद्यालय परिवार ने इस आयोजन को अपने लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया है और उनके आगमन को लेकर उत्साह व्यक्त किया है।





