Greater Noida Crime: कुत्ते के साथ कुकृत्य करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पार्क में हुई शर्मनाक वारदात

Greater Noida Crime: कुत्ते के साथ कुकृत्य करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पार्क में हुई शर्मनाक वारदात
नोएडा के ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक सोसाइटी में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने पार्क में कुत्ते के साथ कुकृत्य किया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला प्रकाश में आया, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली कासा ग्रीन सोसाइटी का है। जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी ऋषि शर्मा, जो बीएमआर एनिमल ट्रस्ट नाम से एक एनजीओ चलाते हैं, को सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो के जरिए इस घटना की जानकारी मिली। वीडियो देखने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम बंटी बताया है और वह मजदूरी का काम करता है। हालांकि, उसने अभी तक अपना पूरा पता नहीं बताया है, जिसके बारे में पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
एनजीओ संचालक ऋषि शर्मा ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि पीड़ित कुत्ते को रेस्क्यू कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाना चाहिए, ताकि घटना की पुष्टि हो सके और आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा सकें।
एसीपी सेंट्रल नोएडा पवन कुमार ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले भी इस तरह की किसी घटना में शामिल रहा है या नहीं।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और लोग ऐसे मामलों में कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं। साथ ही, पशु सुरक्षा और ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सख्त कानून लागू करने की भी मांग उठ रही है।





