Health Scam: जिला अस्पताल में सीटी स्कैन के नाम पर वसूली की जांच, तीन डॉक्टरों की समिति गठित

Health Scam: जिला अस्पताल में सीटी स्कैन के नाम पर वसूली की जांच, तीन डॉक्टरों की समिति गठित

नोएडा के सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मरीज से सीटी स्कैन जांच के नाम पर कथित अवैध वसूली के मामले को अस्पताल प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के निर्देश पर तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है। समिति को पूरे प्रकरण की जांच कर दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

कार्यवाहक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएम लवानिया ने बताया कि जांच समिति में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद कुशवाहा, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रजेश कुमार तथा रेडियोलॉजिस्ट डॉ. निरूपमा आत्रेय को शामिल किया गया है। समिति यह पता लगाएगी कि मरीज से पैसे मांगने और एजेंट के माध्यम से सीटी स्कैन कराने की शिकायत कितनी सही है तथा इसमें किन कर्मचारियों की भूमिका रही।

शिकायतकर्ता जीशान ने बताया कि वह गुरुवार को अपनी रिश्तेदार मरियम के सिरदर्द के इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचे थे। ओपीडी में पंजीकरण कराने और डॉक्टर से परामर्श लेने के बाद चिकित्सक ने सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। आरोप है कि इसके बाद अस्पताल के एक कर्मचारी ने उन्हें एक एजेंट का मोबाइल नंबर लिखकर पर्ची थमा दी।

मरियम द्वारा एजेंट से संपर्क करने पर सीटी स्कैन कराने के लिए एक हजार रुपये नकद की मांग की गई। शिकायत के अनुसार एजेंट ने उन्हें सीटी स्कैन का निर्धारित फॉर्म भी उपलब्ध नहीं कराया। जब वे सीटी स्कैन कक्ष पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और भुगतान नहीं करने पर जांच करने से इनकार कर दिया।

मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारी और एजेंट रजिस्टर समेत अन्य सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img