Greater Noida RWA election : RWA और AOA चुनावों में अनियमितताओं पर प्रशासन सख्त, जांच शुरू

Greater Noida RWA Election : RWA और AOA चुनावों में अनियमितताओं पर प्रशासन सख्त, जांच शुरू
ग्रेटर नोएडा और आसपास के सेक्टरों व सोसायटियों में RWA और AOA के चुनाव को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी कर ली है। प्रशासन ने सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन की विस्तृत जांच शुरू कर दी है, ताकि उन जगहों की पहचान की जा सके जहां कई वर्षों से नियमित चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं।
Greater Noida में कई सोसायटियों और सेक्टरों से शिकायतें मिली हैं कि वहां चुनाव कराने के बजाय आपसी सहमति से पदाधिकारियों को चुन लिया जाता है। कई जगह तो सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए एक-दूसरे को माला पहनाकर चुनाव घोषित कर दिया जाता है। इसके अलावा कुछ RWA और AOA के फंड में गड़बड़ी की शिकायतें भी सामने आई हैं, जिन्हें प्रशासन ने गंभीरता से लिया है।
Gautam Buddh Nagar की जिलाधिकारी Medha Rupam ने फर्म्स, सोसाइटीज और चिट्स के डिप्टी रजिस्ट्रार को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर ऐसे सभी सेक्टरों और सोसायटियों की सूची तैयार की जाए जहां नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके बाद संबंधित RWA और AOA के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी रजिस्ट्रार Vaibhav Kumar के अनुसार जिले में 1000 से ज्यादा RWA और AOA रजिस्टर्ड हैं। कई जगहों पर एक ही सेक्टर में दो-दो RWA चल रही हैं, जिससे विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। उदाहरण के तौर पर सेक्टर 12 में दो RWA सक्रिय हैं और लंबे समय से यहां नियमित चुनाव नहीं हुए हैं।
इसी तरह Alpha 1 Sector Greater Noida में भी कई वर्षों से चुनाव नहीं हुए थे। प्रशासन ने पिछले नवंबर में नोटिस जारी किया था, जिसके बाद दिसंबर में चुनाव कराए गए, लेकिन उन्हें निरस्त कर दिया गया। अब यहां 15 मार्च को दोबारा चुनाव कराने की योजना बनाई जा रही है।
नियमों के अनुसार RWA और AOA में हर दो साल में चुनाव होना जरूरी है। प्रशासन को कुछ सेक्टरों से वोटर लिस्ट में गड़बड़ी की शिकायतें भी मिली हैं, जिनकी जांच की जा रही है। स्थानीय प्रतिनिधियों का कहना है कि कई जगह वर्षों से मोनोपॉली चल रही थी, जिसे अब खत्म करने की जरूरत है।
जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव एक लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसे समय पर कराना जरूरी है। प्रशासन का उद्देश्य सभी सेक्टरों और सोसायटियों में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।



