Bihar : लैब कर्मी सोनू की चाकू गोदकर हत्या, शव रखकर NH-20 जाम, इलाके में हड़कंप

Nalanda (मृत्युंजय) : जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में लैब कर्मी सोनू कुमार की जघन्य हत्या के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने शव को NH-20 पर मुढारी गांव के पास रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक किलोमीटर तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

मृतक 37 वर्षीय सोनू कुमार चेरण गांव का रहने वाला था और हरनौत बाजार की एक पैथोलॉजी लैब में कार्यरत था। आरोप है कि गुरुवार रात उसे फोन कर सुनियोजित तरीके से बुलाया गया, जहां शिवाजी मोहल्ले के पास अपराधियों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए उसे पीएमसीएच पटना भेजा गया, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।

सोनू की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि सोनू ही पूरे परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। परिजनों ने हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी और आर्थिक मुआवजे की मांग करते हुए साफ कहा कि जब तक वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर आकर ठोस कार्रवाई का आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। हरनौत थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है, अंतिम कॉल की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

फिलहाल इस हत्याकांड ने पूरे नालंदा जिले में सनसनी फैला दी है और लोग अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img