Swachhta Award 2026: स्वच्छता में चमका लक्ष्मी नगर थाना, पूरे दिल्ली में दूसरा स्थान, थाना प्रभारी अजीत कुमार झा सम्मानित

Swachhta Award 2026: स्वच्छता में चमका लक्ष्मी नगर थाना, पूरे दिल्ली में दूसरा स्थान, थाना प्रभारी अजीत कुमार झा सम्मानित
रिपोर्ट: रवि डालमिया
नई दिल्ली में आयोजित स्वच्छता अवार्ड 2026 में लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे दिल्ली में दूसरा स्थान हासिल कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। इस सफलता के लिए थाना प्रभारी अजीत कुमार झा को क्षेत्र के विधायक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने सम्मानित करते हुए बधाई दी। इससे पहले 1 जुलाई को कमिश्नरेट डे के अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल द्वारा भी उन्हें इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया था।
स्वच्छता अवार्ड 2026 में मिली इस उपलब्धि को लक्ष्मी नगर थाना पुलिस की टीम भावना, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। थाना परिसर में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने थाना प्रभारी अजीत कुमार झा और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी अजीत कुमार झा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति चाहे किसी भी क्षेत्र में कार्य करता हो, उसे अपने कार्यस्थल और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना चाहिए। स्वच्छ वातावरण बेहतर कार्य संस्कृति को बढ़ावा देता है और समाज में सकारात्मक संदेश भी पहुंचाता है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने पूरे पुलिस स्टाफ की मेहनत, अनुशासन और सहयोग को दिया।
क्षेत्र के विधायक अभय वर्मा ने लक्ष्मी नगर पुलिस स्टेशन की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अवार्ड 2026 में पूरे दिल्ली में दूसरा स्थान प्राप्त करना यह साबित करता है कि यदि टीम समर्पण और ईमानदारी से कार्य करे तो उल्लेखनीय परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने थाना प्रभारी अजीत कुमार झा और समस्त पुलिस स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी निरंतर मेहनत और बेहतर कार्यशैली का परिणाम है।
पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने भी इस अवसर पर थाना प्रभारी अजीत कुमार झा की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली और समर्पण थाने में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि नियमित पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ स्वच्छता को प्राथमिकता देना आसान नहीं होता, लेकिन लक्ष्मी नगर थाना ने यह उदाहरण प्रस्तुत किया है कि बेहतर प्रबंधन और टीमवर्क के माध्यम से दोनों जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा सकता है। इसी का परिणाम है कि थाने को पूरे दिल्ली में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में पूर्वी दिल्ली की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सृष्टि पांडे, जिले के सभी सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) तथा विभिन्न थानों के थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने इस उपलब्धि को पूर्वी जिला पुलिस के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए लक्ष्मी नगर थाना की टीम को शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह में क्षेत्र के कई प्रमुख समाजसेवी और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए। समाजसेवी राज सेठ, राज मलिक, राजीव मल्होत्रा, राधेश्याम गुप्ता, रविंद्र यादव तथा वरिष्ठ पत्रकार राजीव निशाना सहित अनेक लोगों ने थाना प्रभारी अजीत कुमार झा और उनकी पूरी टीम को फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
लक्ष्मी नगर थाना की यह उपलब्धि न केवल पुलिस विभाग के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग को प्राथमिकता देते हुए इसी प्रकार उत्कृष्ट कार्य जारी रखे जाएंगे, ताकि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर पुलिस वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।





