Uttar Pradesh : “प्रकृति का मूल आधार है वृक्षारोपण” – वन महोत्सव के चतुर्थ दिवस पर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

Hapur : जनपद हापुड़ में बहादुरगढ़ के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज के प्रांगण में आज गढ़मुक्तेश्वर रेंज के अंतर्गत आयोजित वन महोत्सव के चतुर्थ दिवस का कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पर्यावरणविद भारत भूषण गर्ग और विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रबंधक जगमाल सिंह चौहान ने वृक्षारोपण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्य अतिथि भारत भूषण गर्ग ने वृक्षारोपण के उपरांत सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जल, जंगल और जमीन को बचाना व्यक्ति का प्रमुख कर्तव्य बन गया है, क्योंकि बिना इनके व्यक्ति का जीवन संभव नहीं है। यदि हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ रखना है तो उन्हें स्वच्छ वातावरण प्रदान करना हमारी ही जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज भारतवर्ष में पानी और ऑक्सीजन बिक रहे हैं तो आप कल्पना कर सकते हैं कि आने वाला समय कितना भयावह होगा। हम सभी ने कोरोना काल के समय प्रकृति को नजदीक से समझा परंतु कुछ समय में ही हम उसे भूल गए।

भारत भूषण गर्ग ने कहा कि आज प्रकृति को सहेजने का समय है। हापुड़ जनपद की जिलाधिकारी के नेतृत्व में शीघ्र ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में हरिशंकरी अभियान प्रारंभ होने जा रहा है। इसके लिए हम सभी को अभी से उसका स्थान चयन करते हुए उसके संरक्षण के लिए एक टोली बनानी होगी। उन्होंने सभी बच्चों से आह्वान किया कि आज से ही हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेंगे।
इस अवसर पर लोक भारती के जिला प्राकृतिक कृषि प्रमुख सूबेदार जगदीश सिंह चौहान ने अपनी स्वरचित कविता से उपस्थित जनों का मन मोह लिया। विद्यालय के छात्र शादान ने अपनी बहुत सुंदर कविता अभिव्यक्ति के साथ प्रस्तुत की, जिस पर संपूर्ण प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
सभा को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक और कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जगमाल सिंह चौहान ने सभी बच्चों से आह्वान किया कि वह प्रत्येक वर्ष कम से कम तीन पौधे अवश्य लगाएं, तभी हम सच्चे अर्थों में प्रकृति की सेवा कर पाएंगे।
सभा के अंत में सभी का आभार प्रकट करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्य शर्मिला यादव ने कहा कि प्रकृति की अनुपम सेवा वृक्षारोपण करके भी की जा सकती है। इसे हम सभी को अपने जीवन का मूल मंत्र बनाना चाहिए।
इस अवसर पर गंगा सेवक मूलचंद आर्य, सह जिला संयोजक विनोद कुमार, गिरीश कुमार चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार, वन दरोगा सबाबुल हसन, सुचित्रा कुमारी, गुल हसन, आदित्य कुमार, रवि कुमार, गजेंद्र सिंह, संतोष कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।





