उत्तर प्रदेश : बुलंदशहर में पत्रकार होली मिलन समारोह में जमकर बरसे फूल

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : बुलंदशहर में सोमवार को कलश होटल में आयोजित पत्रकारों के होली मिलन समारोह में रंग, गुलाल और फूलों की जमकर बारिश हुई। समारोह का शुभारंभ भगवान गणपति महाराज की पूजा-अर्चना तथा श्री राधा रानी और श्री कृष्ण भगवान की आकर्षक झांकियों के साथ हुआ। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, अधिवक्ता और व्यापारी बड़ी संख्या में पहुंचे और पत्रकारों के साथ उत्साहपूर्वक होली खेली। उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर और गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवी रंग में रंग गया।

समारोह में बाहर से आए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया और होली के पारंपरिक गीतों पर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी श्रुति, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह, एडीएम (ई) पीके पांडे, एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह और सीओ सिटी प्रखर पांडे सहित अन्य अधिकारियों ने होली विशेषांक का विमोचन किया।

कार्यक्रम में सिकंदराबाद विधायक लक्ष्मी राज सिंह, ठाकुर सुनील सिंह, भाकियू नेता मांगें राम त्यागी, कुलदीप चौधरी, मंटू भैया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विभिन्न समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों में हिन्दुस्तान के ब्यूरो चीफ अनिल शर्मा, दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ भूपेंद्र शर्मा, अमर उजाला के ब्यूरो चीफ राहुल सक्सेना समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजक पत्रकार मुकुल शर्मा और डब्बू मित्तल ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिन्ह और उपहार भेंट किए। पूरे समारोह में आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img