Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल, गोवध की साजिश में 5 गिरफ्तार

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश घायल, गोवध की साजिश में 5 गिरफ्तार
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के Greater Noida के रबूपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि गोवध की साजिश में शामिल कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रोनिजा कट के पास एक ऑटो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया तो ऑटो सवार बदमाशों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें सैयद अमीन (35) निवासी शाहीनबाग, नई दिल्ली और गोरामिया (32) निवासी नूंह, हरियाणा घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया और तीन अन्य आरोपियों—मुन्सर कमाल (24), मौ. बिलाल (23) निवासी नूंह, हरियाणा और पुष्पेंद्र कुमार (24) निवासी मदनपुर खादर, दिल्ली—को भी गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑटो के अलावा गोवध में प्रयुक्त होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। इनमें दो चाकू, चार सिरिंज, चार इंजेक्शन की शीशियां, दो आरी ब्लेड, लोहे का नुकीला सरिया, दो मोहरे, रस्सी का टुकड़ा और चार खाली प्लास्टिक कट्टे शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सभी आरोपी थाना रबूपुरा क्षेत्र में पहले से दर्ज गौवंश बरामदगी के एक मामले में गौवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित चल रहे थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पांचों आरोपियों को गोवध की साजिश और संबंधित धाराओं में गिरफ्तार किया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।




