Soya Chaap Video: सोया चाप को पैरों और शरीर से रौंदने का वीडियो वायरल, नोएडा का होने की पुष्टि नहीं

Soya Chaap Video: सोया चाप को पैरों और शरीर से रौंदने का वीडियो वायरल, नोएडा का होने की पुष्टि नहीं

नोएडा। सोशल मीडिया पर 36 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक फर्श पर रखे सोया चाप को पैरों और शरीर से रौंदता और उस पर लेटकर पानी से नहाता दिखाई दे रहा है। वीडियो में दो युवक नजर आ रहे हैं। एक युवक सोया चाप पर लेटकर फिसलता हुआ दिखाई देता है, जबकि दूसरा पाइप से पानी डालकर उसे नहला रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो को नोएडा का बताया जा रहा है, लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है। कई लोगों ने वीडियो को अलग-अलग सोशल मीडिया मंचों पर साझा करते हुए खाद्य पदार्थों की स्वच्छता और उन्हें तैयार करने के तरीके को लेकर सवाल उठाए हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।

वीडियो में एक युवक हाफ पैंट पहने दिखाई दे रहा है। वह फर्श पर रखे सोया चाप पर लेटता है और उसके ऊपर पानी डालता हुआ नजर आता है। इसके बाद वह सोया चाप के ऊपर फिसलता हुआ भी दिखाई देता है। दूसरा युवक पाइप से पानी डाल रहा है। वीडियो में जिस तरीके से खाद्य सामग्री को रखा और संभाला जा रहा है, उसे देखकर खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो के नोएडा और ग्रेटर नोएडा से जुड़े होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वीडियो वास्तव में गौतमबुद्ध नगर की किसी फैक्टरी या खाद्य सामग्री तैयार करने वाली इकाई का है या किसी अन्य स्थान का। खाद्य विभाग ने भी फिलहाल वीडियो को नोएडा का होने की पुष्टि नहीं की है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के सहायक आयुक्त सर्वेश कुमार ने बताया कि मामला विभाग के संज्ञान में आया है। इसके बाद जांच के लिए टीमों को सेक्टर-27 भेजा गया है। विभाग की टीमें अपने स्तर पर वीडियो से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वीडियो कहां का है।

अधिकारी के मुताबिक अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि वायरल वीडियो नोएडा का ही है। विभाग की टीम वीडियो में दिखाई दे रहे स्थान और गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटा रही है। वीडियो को पहली नजर में देखने पर इसके एआई से तैयार किए जाने की संभावना भी प्रतीत हो रही है। ऐसे में विभाग वीडियो की वास्तविकता और उसके स्रोत की भी जांच कर रहा है।

खाद्य विभाग की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहे खाद्य पदार्थ की पहचान और उसके उत्पादन स्थल के संबंध में कोई ठोस जानकारी मिलती है या नहीं। यदि जांच में वीडियो नोएडा या ग्रेटर नोएडा की किसी खाद्य इकाई से जुड़ा पाया जाता है और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।

फिलहाल वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर खाद्य पदार्थों की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बहस छेड़ दी है। हालांकि, जब तक विभागीय जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वीडियो को नोएडा का बताकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। खाद्य विभाग की टीमें वीडियो की सच्चाई और उसके स्थान की पहचान करने में जुटी हुई हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img