International Oil Smuggling: भारतीय तटरक्षक बल ने अंतरराष्ट्रीय तेल तस्करी सिंडिकेट का किया भंडाफोड़
नई दिल्ली, 8 फरवरी। भारतीय तटरक्षक बल ने समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय तेल कार्गो तस्करी से जुड़े एक संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। यह सिंडिकेट कई देशों में फैले हैंडलर्स के नेटवर्क के जरिए संघर्षग्रस्त क्षेत्रों से सस्ता तेल खरीदकर मोटर टैंकरों के माध्यम से समुद्र के बीच अवैध रूप से ट्रांसफर कर रहा था और इससे भारी मुनाफा कमा रहा था।
तटरक्षक बल की इस कार्रवाई की शुरुआत टेक्नोलॉजी आधारित निगरानी प्रणाली से हुई, जिसने भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र में एक संदिग्ध मोटर टैंकर की गतिविधियों को चिन्हित किया। बीते गुरुवार को मुंबई से करीब 100 नॉटिकल मील पश्चिम, भारतीय विशेष आर्थिक क्षेत्र के भीतर, आईसीजी के जहाजों ने तीन संदिग्ध पोतों को रोका और उनकी गहन तलाशी ली। जांच के दौरान इन जहाजों पर समुद्र में तेल आधारित कार्गो के अवैध ट्रांसफर से जुड़े ठोस डिजिटल सबूत मिले।
आईसीजी की विशेष बोर्डिंग टीमों ने जहाजों पर चढ़कर दस्तावेजों, डिजिटल लॉग्स और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये जहाज न केवल अवैध रूप से तेल का स्थानांतरण कर रहे थे, बल्कि भारत और अन्य तटीय देशों को देय महत्वपूर्ण सीमा शुल्क और करों से भी बच रहे थे। इस कार्रवाई के बाद तीनों जहाजों को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच व कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें मुंबई लाया जा रहा है, जहां भारतीय सीमा शुल्क और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियां मामले को आगे बढ़ाएंगी।
जांच में यह भी सामने आया है कि इन जहाजों के मालिक भारत से बाहर रहते हैं और तटीय देशों की निगरानी से बचने के लिए अक्सर जहाजों की पहचान, नाम और अन्य विवरण बदलते रहते थे। हालांकि, आईसीजी की उन्नत डिजिटल निगरानी और इंटेलिजेंस आधारित सिस्टम के जरिए न केवल संदिग्ध टैंकर की पहचान की गई, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क के काम करने के तरीके का भी खुलासा हुआ।
भारतीय तटरक्षक बल की यह कार्रवाई समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय कानूनों के पालन को लेकर भारत की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस ऑपरेशन के जरिए भारत ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा का एक विश्वसनीय प्रदाता है और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को लागू करने में पूरी क्षमता के साथ काम कर रहा है।



