उत्तर प्रदेश : अवैध संबंधों चलते महिला की गला रेतकर हत्या, पति हिरासत में, चार पर मुकदमा दर्ज

Hapur News : थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के मोहम्मदपुर रूस्तमपुर गांव में 40 वर्षीय महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर पति सहित चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मुख्य आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली मिली जानकारी के अनुसार मृतका रीता शर्मा का विवाह करीब 19 वर्ष पूर्व राहुल शर्मा से हुआ था। दंपती का एक पुत्र लक्की है, जो वर्तमान में मेरठ में अपने दादा के पास रहकर स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। सोमवार की रात को राहुल शर्मा किसी काम से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकला था, जबकि रीता घर पर अकेली थी। मंगलवार सुबह जब राहुल घर लौटा तो कमरे में रीता का गर्दन कटा शव और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए। जहां पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी विनीत भटनागर, सीओ स्तुति सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक धीरज मलिक फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक तौर पर लूट या चोरी का विरोध करने पर हत्या की आशंका जताई गई, लेकिन जांच के दौरान मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद पुलिस ने हर पहलू से जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है घटना के कई घंटे बाद तक भी मृतका के परिजनों को सूचना नहीं दी गई। बाद में गांव में ही विवाहित रीता के मामा की बेटी ममता को जानकारी मिली, जिसने मृतका के परिजनों को अवगत कराया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लूट या चोरी की कहानी को झूठा बताया। उन्होंने रीता की हत्या का आरोप पति राहुल शर्मा, सास गायत्री शर्मा, ससुर विनोद शर्मा और गांव की रहने वाली नेहा शर्मा पर लगाया।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि राहुल शर्मा के नेहा शर्मा से अवैध संबंध थे, जिसको लेकर आए दिन रीता के साथ मारपीट होती थी। इसी वजह से उसकी हत्या की गई।मृतका के भाई देवकांत शर्मा की तहरीर पर पति राहुल शर्मा, सास गायत्री शर्मा, ससुर विनोद शर्मा और राहुल की कथित प्रेमिका नेहा शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पति राहुल शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
इस मामले में एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध है। मामले की जांच कराई जा रही है। मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।





