हरियाणाराज्य

Haryana Republic Day 2026: मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में 77वें गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, शहीदों को किया नमन

Haryana Republic Day 2026: मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में 77वें गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, शहीदों को किया नमन

हरियाणा प्रदेश लिख रहा है समृद्धि की एक नई परिभाषा : श्री नायब सिंह सैनी

रिपोर्ट: कोमल रमोला

चंडीगढ़, 26 जनवरी– हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है। जनता का शासन, जनता के लिए और जनता के द्वारा’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हरियाणा प्रदेश, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार ने पुरानी परिपाटियों को बदलते हुए गरीबों के उत्थान के लिए न केवल नई योजनाएं शुरू की हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया है कि वे योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।

मुख्यमंत्री ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला गुरुग्राम में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने वीर शहीदी स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड तथा स्काउट्स सहित विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और उन्हें सलामी ली।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन की शुरुआत अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए की और कहा कि वंदे मातरम और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से ओत-प्रोत यह गणतंत्र दिवस हमें देश की एकता, सांस्कृतिक गौरव और स्वावलंबन की भावना का स्मरण कराता है। विविधताओं से भरा हमारा राष्ट्र सदैव एकता के सूत्र में बंधा रहा है, जिसकी झलक वंदे मातरम के 150 वर्षों के गौरवपूर्ण उत्सव में दिखाई देती है। आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ते हुए भारत आज विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
गणतंत्र दिवस—अतीत की स्मृति और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल अतीत को स्मरण करने का पर्व ही नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य की उस सुनहरी तस्वीर को देखने का भी महापर्व है, जिसे हमने पिछले 11 वर्षों में मिलकर गढ़ा है। उन्होंने कहा कि दशकों तक सरकारें बदलती रहीं, लेकिन व्यवस्था नहीं बदली। व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के साथ गत विधानसभा चुनावों में सरकार ने अपने संकल्प-पत्र में 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 54 संकल्प मात्र एक वर्ष में पूरे कर लिए गए हैं, जबकि शेष 163 संकल्पों पर तेजी से कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की ‘बिना खर्ची–बिना पर्ची’ नौकरी नीति, ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था, पारदर्शी ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, पढ़ी-लिखी पंचायतें और अंत्योदय अभियान की चर्चा पूरे देश में हो रही है, जो नए हरियाणा की सशक्त और पारदर्शी तस्वीर प्रस्तुत करती है।

राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत हिस्सा रखता है, लेकिन इसके बावजूद आज देश की जीडीपी में राज्य का योगदान 3.7 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 लाख 53 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ हरियाणा देश के बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा प्रति व्यक्ति जीएसटी संग्रहण में देश में प्रथम स्थान पर है तथा स्टेट ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में टॉप अचीवर्स श्रेणी में शामिल है। उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं प्रदान करने में हरियाणा देश में दूसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है, वहीं ओलंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने वाला राज्य भी हरियाणा है।

हरियाणा बना देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का ही परिणाम है कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में 12 लाख 92 हजार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे लगभग 49 लाख लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ और रोजगार का बड़ा माध्यम हैं, इसलिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करते हुए पुराने नियमों और जटिल प्रक्रियाओं को समाप्त किया गया है। आज निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी स्वीकृतियां 12 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संतुलन के उद्देश्य से प्रदेश के हर हिस्से में औद्योगिक विकास किया जा रहा है—आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का सबसे बड़ा प्लांट, सुजुकी मोटरसाइकिल और यूएन मिंडा ग्रुप का एलॉय व्हील प्लांट स्थापित हो रहा है। वहीं गुरुग्राम आईटी और स्टार्टअप्स का वैश्विक केंद्र बन चुका है, जहां ‘ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट’ के तहत एक हजार एकड़ में टाउनशिप विकसित की जा रही है, जबकि नारनौल में लॉजिस्टिक्स हब, हिसार में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क विकसित किया जा रहा है।

युवाओं के सुरक्षित भविष्य की ओर निर्णायक कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किए गए वादों को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि नए मंत्रिमंडल के गठन के साथ ही 17 अक्तूबर, 2024 को 24 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि गत एक वर्ष में कुल 34 हजार युवाओं को रोजगार मिला है और पिछले 11 वर्षों में यह संख्या 1 लाख 80 हजार तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने केवल सरकारी नौकरियों तक ही सीमित न रहते हुए रोजगार सुरक्षा पर भी जोर दिया है और कानून बनाकर ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ के अंतर्गत कार्यरत युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए 1 लाख 14 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Related Articles

Back to top button