Delhi Murder: गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली के शास्त्री पार्क में सनसनीखेज हत्या, युवक को मारी गोली

Delhi Murder: गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली के शास्त्री पार्क में सनसनीखेज हत्या, युवक को मारी गोली

रिपोर्ट: रवि डालमिया

गणतंत्र दिवस से ठीक पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों के बीच उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में हुई एक सनसनीखेज हत्या ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली पुलिस जहां एक ओर 26 जनवरी के मद्देनज़र राजधानी में चाक-चौबंद सुरक्षा का दावा कर रही है, वहीं कल देर रात शास्त्री पार्क थाना क्षेत्र के बुलंद मस्जिद इलाके में 32 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

उत्तर-पूर्वी जिले के डीसीपी आशीष मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजकर 24 मिनट पर शास्त्री पार्क थाने में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि बुलंद मस्जिद इलाके के रहने वाले समीर उर्फ मुस्तकीम उर्फ कम्मू पहलवान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी है। गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन उसे तुरंत जग प्रवेश चंद्र अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

शास्त्री पार्क थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डीसीपी आशीष मिश्रा ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और स्थानीय लोगों में भय व्याप्त है, वहीं गणतंत्र दिवस से पहले हुई इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘कोटा फैक्ट्री’ सीजन 3: जितेंद्र कुमार की दमदार ड्रामा नेटफ्लिक्स पर आएगी, रिलीज डेट सामने आई

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img