BJP National President: डीएनडी पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का भव्य स्वागत
नोएडा। दिल्ली से मथुरा की यात्रा के दौरान रविवार को नोएडा पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का डीएनडी फ्लाईवे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और नारों के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया, जिससे पूरा माहौल भाजपा के रंग में रंगा नजर आया।
स्वागत कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंशी, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, विधायक तेजपाल नागर, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, अध्यक्ष अमित चौधरी, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने एकजुट होकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व की सराहना की।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं रह गई है, बल्कि यह एक सशक्त विचारधारा बन चुकी है, जो राष्ट्र, समाज और संस्कृति के उत्थान के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से ही भाजपा देशभर में मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन नबीन का नेतृत्व भाजपा संगठन को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई मजबूती प्रदान कर रहा है। उनके मार्गदर्शन में पार्टी संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त हो रहा है तथा कार्यकर्ताओं को स्पष्ट लक्ष्य और प्रेरणा मिल रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा रही है।
सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि संगठनात्मक अनुशासन, विकास की राजनीति और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना ही भाजपा की पहचान है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी आने वाले समय में जनसेवा और विकास के एजेंडे को लेकर और मजबूती से आगे बढ़ेगी। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संगठन की मजबूती का संकल्प दोहराया।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ



