National Voter Day 2026: युवाओं को पीएम मोदी का संदेश, वोटिंग सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी

National Voter Day 2026: युवाओं को पीएम मोदी का संदेश, वोटिंग सिर्फ अधिकार नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों, विशेष रूप से युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री ने युवाओं और नागरिकों को लिखे अपने संदेश में कहा कि मतदान केवल एक संवैधानिक अधिकार नहीं है, बल्कि यह जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य भी है। उन्होंने युवाओं से ‘माय भारत’ पोर्टल से जुड़ने और मतदाता जागरूकता अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने भारत के पहले आम चुनाव वर्ष 1951 का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में चुनाव प्रक्रिया के 75 वर्ष पूरे हो चुके हैं और यह यात्रा लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने चुनावों को ‘लोकतंत्र का पर्व’ बताते हुए कहा कि भारत न केवल दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, बल्कि ‘मदर ऑफ डेमोक्रेसी’ भी है। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मतदाता देश के विकास सफर का भाग्य विधाता होता है। उन्होंने यह भी कहा कि उंगली पर लगी अमिट स्याही लोकतंत्र की जीवंतता और उसकी मजबूती का सम्मान चिन्ह है।

प्रधानमंत्री के इस संदेश से प्रेरित होकर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि ‘माय भारत’ से जुड़े युवा स्वयंसेवक पहली बार वोट देने वाले युवाओं के अनुभव को एक राष्ट्रीय उत्सव का रूप देंगे। यह पहल ‘फर्स्ट वोट–फर्स्ट रिस्पॉन्सिबिलिटी, फर्स्ट प्राइड’ के संदेश के साथ आगे बढ़ेगी। इसी क्रम में ‘माय भारत–माय वोट’ थीम पर देशभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंत्री मनसुख मांडविया ने कराईकल में और राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने अमृतसर में युवाओं के साथ संवाद किया। इसके अलावा माय भारत की ओर से मतदाता जागरूकता के लिए देशव्यापी पदयात्रा भी शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और मतदान के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा करना है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img