Faridabad Police Station Incident: फरीदाबाद में कर्ज से परेशान युवक ने थाने के अंदर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश

Faridabad Police Station Incident: फरीदाबाद में कर्ज से परेशान युवक ने थाने के अंदर जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश

रिपोर्ट: संदीप चौहान

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज और पुलिस कार्रवाई के डर से परेशान एक युवक ने ओल्ड फरीदाबाद पुलिस थाने के अंदर ही जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। युवक की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने तुरंत उसे इलाज के लिए बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान पंकज शर्मा के रूप में हुई है, जो फरीदाबाद की बूढ़ कॉलोनी में किराए के मकान में रहता है और एक निजी कंपनी में काम करता है। पंकज को पुलिस ने एक मामले में पूछताछ के लिए ओल्ड फरीदाबाद थाने बुलाया था। इसी दौरान उसने थाने के अंदर ही चूहे मारने की दवाई खा ली।

पंकज की पत्नी ने बताया कि उसके पति ने करीब डेढ़ साल पहले अपने बड़े भाई रामबाबू ज्ञानेन्द्र से दो लाख रुपये का कर्ज लिया था। पंकज अब तक एक लाख रुपये वापस कर चुका था, लेकिन शेष एक लाख रुपये को लेकर पिछले कई महीनों से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पत्नी का आरोप है कि पैसे की मांग को लेकर उसके पति को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे वह काफी तनाव में रहने लगा था।

पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि कर्ज को लेकर रामबाबू ज्ञानेन्द्र और उसकी पत्नी मंजू पंकज को लगातार परेशान कर रहे थे। इसी विवाद के चलते ओल्ड फरीदाबाद थाने में शिकायत दी गई थी, जिसके बाद पंकज के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। महिला का कहना है कि इससे पहले भी जब वे थाने गए थे, तब एक पुलिसकर्मी ने पंकज के साथ मारपीट की थी, जिससे वह और ज्यादा डर गया था।

शुक्रवार को जब पुलिस ने दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया, तो पंकज अपनी पत्नी और मां के साथ थाने पहुंचा। आरोप है कि पुलिस द्वारा मारपीट किए जाने के डर और कर्ज के दबाव के चलते पंकज ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया। घटना के बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल भिजवाया।

वहीं, इस पूरे मामले पर पुलिस का पक्ष अलग है। ओल्ड फरीदाबाद थाना प्रभारी विष्णु मित्र ने बताया कि मंजू नामक महिला की शिकायत पर पंकज के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज है। शिकायत के अनुसार, पंकज ने महिला की अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया था। इसी केस में पूछताछ के लिए पंकज को थाने बुलाया गया था। थाना प्रभारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पंकज ने अचानक चूहे मारने की दवाई खा ली, जिसके बाद तुरंत उसे अस्पताल भेजा गया।

मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Himachal Pradesh: अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नए वर्ष का तोहफा, मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा फैसला

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img