Noida: नोएडा में कासना से सिरसा होकर ईस्टर्न पेरिफेरल तक सफर होगा और आसान

Noida: नोएडा में कासना से सिरसा होकर ईस्टर्न पेरिफेरल तक सफर होगा और आसान

ग्रेटर नोएडा में कासना से सिरसा गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे एंट्री प्वाइंट तक सफर अब और आसान होने जा रहा है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस मार्ग के सुधार और चौड़ीकरण का फैसला लिया है, जिससे रोजाना गुजरने वाले हजारों वाहनों की आवाजाही सुगम और सुरक्षित होगी। कासना से सिरसा गोलचक्कर तक की सड़क का चौड़ीकरण मार्च से शुरू होगा और इसमें लगभग चार-चार लेन बनाई जाएंगी। वर्तमान में यह मार्ग तीन-तीन लेन का है और इसे चौड़ा करने पर लगभग 9.5 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सिरसा गोलचक्कर से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे एंट्री प्वाइंट तक की सड़क को रिसर्फेसिंग के लिए एसीईओ से सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। इस काम में मिलिंग पद्धति का उपयोग किया जाएगा, जिससे सड़क की ऊंचाई नहीं बढ़ेगी और रीसाइकिल मैटेरियल का इस्तेमाल होने से पर्यावरण संरक्षण भी बढ़ेगा। इस भाग के कार्य को पूरा होने में लगभग छह माह का समय लगेगा।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहले ही शहर की मुख्य सड़क 80 मीटर रोड पर भाटी रोटरी से कासना तक और सिरसा से भाटी रोटरी तक 2.30 किलोमीटर की सड़क को लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से दुरुस्त कर दिया है। कासना-सिरसा मार्ग की लंबाई दो किलोमीटर है और इसे चौड़ा करने से ट्रैफिक की भीड़ कम होगी और यात्रा का समय भी घटेगा।

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों के जल्द शुरू होने की संभावना को देखते हुए यह मार्ग और भी महत्वपूर्ण हो गया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि ने दोनों मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगले दो माह में कार्य प्रारंभ होने की उम्मीद है। दोनों मार्गों के कार्य प्राधिकरण के परियोजना विभाग वर्क सर्किल-7 की देखरेख में कराए जाएंगे। एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का काम निर्धारित समयावधि में पूरा कर यात्रियों और आम लोगों की आवाजाही को सहज बनाया जाएगा।

Hot this week

Lucknow : यूपी में ‘रूल ऑफ माफिया’ मिटाकर स्थापित किया ‘रूल ऑफ लॉ’- मुख्यमंत्री

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर...

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img