उत्तर प्रदेश : मेरठ परिक्षेत्र में “ऑपरेशन विवेचना” के सकारात्मक परिणाम

Meerut/Hapur : मेरठ परिक्षेत्र में लंबित विवेचनाओं के निस्तारण के लिए चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन विवेचना” के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि 01 जनवरी 2025 की तुलना में 01 जनवरी 2026 तक लंबित विवेचनाओं में 27 प्रतिशत की उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
इस अभियान के तहत मेरठ परिक्षेत्र के सभी जनपदों में गुणवत्तापूर्ण विवेचनाओं के निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। सीसीटीएनएस पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 01 जनवरी 2025 को कुल 6355 विवेचनाएं लंबित थीं, जो 01 जनवरी 2026 को घटकर 4661 रह गईं।
जनपदवार समीक्षा में मेरठ में लंबित विवेचनाओं की संख्या 2553 से घटकर 2156 हो गई, जो लगभग 15 प्रतिशत की कमी दर्शाती है। बुलंदशहर जनपद में महत्वपूर्ण सुधार देखा गया, जहां लंबित विवेचनाएं 2165 से घटकर 1424 रह गईं, जो लगभग 35 प्रतिशत की कमी है। इसी प्रकार, बागपत जनपद में 830 के मुकाबले 465 विवेचनाएं लंबित रहीं, जो 44 प्रतिशत की कमी को दर्शाता है। हापुड़ जनपद में भी सकारात्मक परिणाम दर्ज किए गए हैं। यहां लंबित विवेचनाओं की संख्या 807 से घटकर 616 रह गई, जो 27 प्रतिशत की कमी है।





