राज्यउत्तर प्रदेश

Noida: हमले के अगले दिन पुलिस बल के साथ कनारसी गांव पहुंची एनपीसीएल की टीम, बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई

Noida: हमले के अगले दिन पुलिस बल के साथ कनारसी गांव पहुंची एनपीसीएल की टीम, बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई

नोएडा: नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (एनपीसीएल) ने बिजली चोरी के खिलाफ अपना अभियान और तेज कर दिया है। दनकौर क्षेत्र के कनारसी गांव में शुक्रवार को बिजली चोरी रोकने पहुंची टीम पर ग्रामीणों द्वारा किए गए हमले के बाद शनिवार को एनपीसीएल की टीम पुलिस बल के साथ दोबारा गांव पहुंची और अवैध रूप से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

एनपीसीएल के कर्मचारियों ने गांव में ट्रांसफॉर्मरों से अवैध केबल जोड़कर की जा रही बिजली चोरी को पकड़ा और मौके से भारी मात्रा में केबल जब्त की। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज झा ने बताया कि कंपनी द्वारा बिजली चोरी रोकने के लिए जिले में 10 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान चला रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी से न सिर्फ कंपनी को भारी राजस्व नुकसान होता है, बल्कि इससे ट्रांसफॉर्मर ओवरलोड होने और दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

मनोज झा ने बताया कि 1 अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 तक अलग-अलग गांवों और इलाकों में चलाए गए विशेष अभियानों के दौरान करीब 5500 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए हैं। इस अवधि में कुल 24 हजार किलोवाट से अधिक की बिजली चोरी पकड़ी गई है।

एनपीसीएल का यह अभियान सिर्फ शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि कुलेसरा, अलावर्दीपुर, बिलासपुर, बिसरख, जलालपुर, मायचा समेत कई ग्रामीण इलाकों में भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। विभाग का कहना है कि भविष्य में भी बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी रहेगी।

एनपीसीएल अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कार्रवाई के दौरान सरकारी कर्मचारियों पर हमला किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कंपनी ने आम लोगों से अपील की है कि वे बिजली चोरी से बचें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना विभाग को दें।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button