राज्यउत्तर प्रदेश

Power Cut News: एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों और गांवों में बढ़ी बिजली कटौती, उपभोक्ताओं ने CM पोर्टल पर की शिकायत

Power Cut News: एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों और गांवों में बढ़ी बिजली कटौती, उपभोक्ताओं ने CM पोर्टल पर की शिकायत

नोएडा नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों और गांवों में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कई इलाकों में रोजाना तीन से चार घंटे तक बिजली गुल रहती है। शिकायत करने पर स्थानीय लाइनमैन और जूनियर इंजीनियर (जेई) फोन तक नहीं उठाते, जिसके चलते लोगों ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी शुरू कर दी है।

गर्मी शुरू होने से पहले विद्युत निगम ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे किए थे, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना है कि स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। उमस भरी गर्मी में लंबे समय तक बिजली कटौती से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।

सेक्टर-135 स्थित बाजिदपुर गांव के निवासी राहुल चौहान ने बताया कि बुधवार के बाद गुरुवार को भी कई घंटों तक बिजली नहीं रही। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो जेई और न ही लाइनमैन ने कोई जवाब दिया। मजबूर होकर उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।

सेक्टर-130 के निवासी अशोक चौहान ने बताया कि हर साल बिजली कटौती की समस्या बढ़ती जा रही है। गुरुवार को बिजली कटौती के साथ वोल्टेज की समस्या भी बनी रही। उनका कहना है कि बिजली लाइनों में बार-बार फॉल्ट आने से परेशानी बढ़ रही है और निगम समय पर इन्हें ठीक नहीं कर पा रहा है।

उधर, सेक्टर-51 में ट्रांसफॉर्मर फुंकने के कारण भी उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट का सामना करना पड़ा। आरडब्ल्यूए महासचिव संजीव कुमार ने बताया कि शहर के 15 से अधिक सेक्टरों में लोग चार-चार घंटे तक बिजली कटौती झेल रहे हैं और शिकायतों के बावजूद राहत नहीं मिल रही।

विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता (तकनीकी) विवेक कुमार पटेल ने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार तकनीकी खामियों के कारण आपूर्ति बाधित होती है, जिनके समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button