राज्यउत्तर प्रदेश

Noida Crime: दोपहिया वाहन चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

Noida Crime: दोपहिया वाहन चोरी करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

नोएडा। सेक्टर-20 थाना पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अट्टा गांव से चोरी की गई बाइक और एक अवैध हथियार बरामद किया है। पूछताछ के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया।

एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि सेक्टर-20 थाना पुलिस की टीम बुधवार देर रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-28 इलाके में दोपहिया वाहन चोरी करने वाले कुछ बदमाश आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सेक्टर-28 में बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों की जांच शुरू कर दी।

कुछ देर बाद पुलिस को एक बाइक पर तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

पुलिस ने जब आरोपियों से बाइक के दस्तावेज मांगे तो जांच में पता चला कि दिल्ली नंबर की यह बाइक चोरी की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि बाइक को आरोपियों ने अट्टा गांव से चोरी किया था। पुलिस ने तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध हथियार भी बरामद किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छलेरा गांव निवासी अरबाज, बरौला गांव निवासी मयंक और सेक्टर-45 स्थित सदरपुर गांव निवासी मनीष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले इलाके की रेकी करते थे और उसके बाद मौका देखकर दोपहिया वाहन चोरी कर लेते थे। बरामद बाइक भी उन्होंने एक दिन पहले ही चोरी की थी। आरोपी आगे भी चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य आपराधिक मामलों और चोरी किए गए वाहनों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button