International Wrestling Championship: ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन, 300 से ज्यादा पहलवान दिखाएंगे दमखम
International Wrestling Championship: ग्रेटर नोएडा में अंतरराष्ट्रीय दंगल का आयोजन, 300 से ज्यादा पहलवान दिखाएंगे दमखम
ग्रेटर नोएडा के गिरधरपुर गांव में 25 मई को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ओपन कुश्ती चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता स्वर्गीय भागमल सिंह भाटी की पहली पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित की जाएगी। दंगल में देश-विदेश के करीब 300 से अधिक पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें लगभग 12 विदेशी पहलवान भी शामिल होंगे।
बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा के सेक्टर स्वर्णनगरी स्थित ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य आयोजक और कोच रंजीत पहलवान ने प्रतियोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय दंगल में जिले के करीब 130 पहलवान भी भाग लेंगे, जिनमें 30 महिला पहलवान शामिल हैं।
प्रतियोगिता में कई नामी पहलवान अपनी ताकत और तकनीक का प्रदर्शन करेंगे। इनमें जोंटी भाटी, कलवा गुर्जर, तुषार भाटी और अजय भाटी जैसे पहलवान शामिल होंगे। वहीं विदेशी पहलवानों में हामिद इरानी और जलाला पहलवान भी अपने दांवपेंच दिखाते नजर आएंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले पहलवानों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने में रविंद्र भाटी, योगी भाटी, जितेंद्र भाटी, वनीश प्रधान, मनीष प्रधान, परीक्षित नागर और अमित भाटी का सहयोग रहेगा।
इस अंतरराष्ट्रीय दंगल को लेकर क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों का कहना है कि यह प्रतियोगिता स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का बड़ा मंच प्रदान करेगी।