Greater Noida Firing: ग्रेटर नोएडा में मैरिज होम संचालक के घर फायरिंग, गेट खोलते ही चली गोली, चाचा घायल

Greater Noida Firing: ग्रेटर नोएडा में मैरिज होम संचालक के घर फायरिंग, गेट खोलते ही चली गोली, चाचा घायल

ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। धनसिया गांव में मैरिज होम संचालक के घर पहुंचे बदमाशों ने गेट खुलते ही गोली चला दी। इस घटना में संचालक के चाचा नरेश गोली के छर्रे लगने से घायल हो गए, जिन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीड़ित परिवार की शिकायत के अनुसार धनसिया गांव निवासी नीरज कुमार के भाई हिमांशु गांव में एक मैरिज होम संचालित करते हैं। बुधवार रात हिमांशु अपने मैरिज होम पर काम कर रहे थे, तभी दस्तमपुर गांव के तीन युवक वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज तथा मारपीट करने लगे। विवाद बढ़ने पर नीरज मौके पर पहुंचे और किसी तरह मामला शांत कराया।

आरोप है कि जाते समय तीनों युवकों ने हिमांशु को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद देर रात आरोपी दोबारा हिमांशु के घर पहुंच गए और गेट के बाहर खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उस समय हिमांशु घर के अंदर सो रहे थे।

परिजनों के मुताबिक जब नीरज ने गेट खोला तो आरोपियों में से एक युवक ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी। गोली सीधे नीरज की तरफ चलाई गई, लेकिन वह बाल-बाल बच गए। वहीं गेट के पास खड़े उनके चाचा नरेश को गोली के छर्रे लग गए। नरेश के चेहरे, गर्दन और छाती पर छर्रे लगने से वह घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल नरेश को तुरंत जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़ित परिवार ने जेवर कोतवाली में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img