Noida Vehicle Theft Gang: नोएडा पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, 15 चोरी की बाइक-स्कूटर बरामद

Noida Vehicle Theft Gang: नोएडा पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार, 15 चोरी की बाइक-स्कूटर बरामद

नोएडा के थाना सेक्टर-58 पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें और स्कूटर बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपियों के पास से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं। गिरोह का सरगना अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस ने यह कार्रवाई स्थानीय खुफिया जानकारी और गोपनीय सूचना के आधार पर की। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने सेक्टर-60 स्थित हनुमान मंदिर के पास से चार आरोपियों पुष्पेंद्र, राजू, ब्रजेश और लोकेश को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी संभल जिले के रहने वाले हैं और लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

नोएडा की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि यह गिरोह नोएडा, दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद सहित कई इलाकों में दिन और रात के समय मौका मिलते ही मोटरसाइकिल और स्कूटर चोरी करता था। चोरी के बाद वाहन ऐसी जगहों पर छिपाकर रखे जाते थे जहां लोगों की आवाजाही कम होती थी। बाद में गिरोह के सदस्य चोरी के वाहन खरीदने वाले ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें बेच देते थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के दो सदस्य छोले-भटूरे की रेहड़ी लगाते थे और इसी बहाने इलाके में घूमकर वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वे चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी बेहद शातिर हैं और इनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 15 चोरी की मोटरसाइकिलें और स्कूटर बरामद किए हैं। इसके अलावा दो अवैध चाकू भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस गिरोह के फरार सरगना की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img