उत्तर प्रदेश : हापुड़ में महिला की संदिग्ध मौत, पति का दोस्त फरार, गले पर मिले फंदे के निशान

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव आरिफपुर मंढैय्या में एक 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मकान के अंदर बेड पर पड़ा मिला। मृतका की पहचान तनु निवासी गांव सलारपुर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में महिला के गले पर फंदे के निशान पाए गए हैं। बताया जा रहा है कि महिला पिछले करीब 25 दिनों से अपने पति को छोड़कर पति के दोस्त के साथ इसी गांव में रह रही थी, जबकि घटना के बाद से पति का दोस्त फरार है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि बुधवार सुबह थाना बाबूगढ़ पुलिस को गांव आरिफपुर मंढैय्या स्थित एक मकान में महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह पुलिस बल और फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के गले पर फंदे के निशान मिलने की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार युवक की तलाश भी की जा रही है।
मृतका के पिता ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री तनु की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व जिला मेरठ के गांव घुड़म निवासी युवक से की थी। गांव आरिफपुर मंढैय्या का रहने वाला युवक उनके दामाद का दोस्त है, जिसके साथ उनकी बेटी पिछले करीब 25 दिनों से रह रही थी। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे उन्हें थाना बाबूगढ़ पुलिस द्वारा बेटी की मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद वह परिजनों के साथ मुदाफरा चौकी पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री का शव बेड पर पड़ा मिला था और गले पर फंदे के निशान भी दिखाई दे रहे थे।



