उत्तर प्रदेश : निवेश के नाम पर महिला से 5.30 लाख की ठगी, पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

Hapur News : जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में निवेश के नाम पर एक महिला से 5.30 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने महिला को अपने जाल में फंसाया और बाद में रकम हड़प ली। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने एसपी के आदेश पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नगर कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मोहल्ला श्रीनगर निवासी लीना शर्मा ने बताया कि 6 मार्च 2021 को गाजियाबाद के थाना विजय नगर क्षेत्र के सेक्टर-9 सम्राट चौक निवासी विक्रांत शेखावत उनके घर आया था। उसने खुद को एक कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए फरीदाबाद स्थित “ग्लोबल स्टार मेकर” नामक कंपनी की निवेश योजनाओं के बारे में जानकारी दी और कम समय में अधिक मुनाफा होने का लालच दिया।

कुछ दिन बाद विक्रांत शेखावत दो अन्य लोगों के साथ फिर महिला के घर पहुंचा, जिनमें नई दिल्ली के रोहिणी निवासी गजेंद्र सिंह राजपूत भी शामिल था। तीनों ने मिलकर महिला पर निवेश करने का दबाव बनाया। उनके झांसे में आकर महिला ने अपने पति के एसबीआई बैंक की रेलवे रोड शाखा स्थित खाते से चार लाख रुपये का चेक दिया और करीब 1.30 लाख रुपये नकद भी सौंप दिए। इसके अलावा आरोपियों ने महिला से अलग-अलग आईडी बनवाकर करीब 5.15 लाख रुपये का अतिरिक्त निवेश भी करवा लिया और उसके परिचितों के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें भी निवेश के लिए प्रेरित किया।

शिकायत के अनुसार शुरुआत में आरोपियों ने महिला के खाते में मुनाफे की छोटी-छोटी रकम भेजकर उसका विश्वास जीत लिया, लेकिन बाद में भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया। जब महिला ने संपर्क किया तो उसे गोल्ड और डायमंड गिफ्ट भेजने का झूठा आश्वासन देकर लगातार टालते रहे।

बाद में महिला जब फरीदाबाद स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंची तो वहां कंपनी के सीएमडी राजेश भारद्वाज, बल्लभगढ़ निवासी वीरेंद्र कुमार आर्य और रेवाड़ी के बवाल क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी एमडी सुशील कुमार मौजूद मिले। आरोप है कि उन्होंने एक वर्ष में रकम लौटाने का वादा किया, लेकिन चार साल बीतने के बाद भी पैसा वापस नहीं किया गया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने सख्ती से अपनी रकम मांगी तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और चुप रहने का दबाव बनाया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img