राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में विजय केवट हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव पुष्पावती पूठ में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर दिया है। होली के दिन हुई इस घटना के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह हत्या रोडरेज के मामले को लेकर की गई थी।

सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि बुधवार, 4 मार्च को दोपहर में 40 वर्षीय विजय पुत्र सुरेश की बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलने पर आलाधिकारी भी गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश शुरू की।

रविवार को सीओ स्तुति सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गहन तहकीकात के बाद आलमनगर निवासी आशु पुत्र प्रेमचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और एक बाइक बरामद की गई है।

सीओ ने आगे बताया कि इस मामले में अमित मावी और तेजेंद्र उर्फ तेजी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने पुष्टि की कि इस वारदात को रोडरेज की घटना के चलते अंजाम दिया गया था।

Related Articles

Back to top button