उत्तर प्रदेश : इंस्टाग्राम पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी, हापुड़ पुलिस की सख्त कार्रवाई

Hapur News : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर महिलाओं के प्रति अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सोशल मीडिया के माध्यम से महिलाओं को निशाना बनाकर आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने की जानकारी मिली थी जिस पर मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया था। पुलिस द्वारा तकनीकी जांच और सोशल मीडिया निगरानी के माध्यम से आरोपी की पहचान की गई। जांच में आरोपी का नाम दिनेश पुत्र महेन्द्र सिंह निवासी ग्राम अठसैनी थाना गढ़मुक्तेश्वर जनपद हापुड़ पाया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिलाओं की गरिमा के खिलाफ किसी भी प्रकार की टिप्पणी या हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सोशल मीडिया पर इस तरह के कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।





