Uttar Pradesh : हापुड़ में एनसी कैडेट बने टीबी मुक्त और नशा मुक्त भारत के संदेशवाहक, एसएसवी इंटर कॉलेज में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

Hapur News : भारत सरकार द्वारा संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 38 यूपी बटालियन एनसीसी और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एसएसवी इंटर कॉलेज, हापुड़ के सभागार में एक भव्य टीबी जागरूकता एवं नशा मुक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हापुड़ के विभिन्न स्कूलों के एनसीसी कैडेटों ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वास्थ्य एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त की। कैडेटों ने नुक्कड़ नाटक का मंचन कर आमजन को भी जागरूक किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश सिंह ने कहा कि टीबी एक संक्रामक लेकिन पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, वजन कम होना, बुखार, रात में पसीना आना अथवा बलगम में खून आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा टीबी की जांच और उपचार की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं और समय पर उपचार से टीबी का पूरा इलाज संभव है।
जिला पीपीएम कोऑर्डिनेटर सुशील चौधरी ने कैडेटों को टीबी के लक्षण, बचाव, जांच, उपचार, पोषण और रोगियों के प्रति सामाजिक सहयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट समाज के अनुशासित और जागरूक युवा हैं। वे अपने परिवार, विद्यालय और आसपास के लोगों को टीबी के प्रति जागरूक कर टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-आंदोलन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सभी एनसी कैडेटों ने नशा न करने की शपथ ली। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों को भी दर्शाया गया।
इस अवसर पर 38 यूपी बटालियन एनसीसी हापुड़ के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल वजयंत शारदा, रिसालदार मेजर संजय कुमार धामा, जीसीआई अंजना, वीपीओ लेफ्टिनेंट संजय भाटी और सीटीओ आकाश मालवीय सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।





