Uttar Pradesh : हापुड़ में बस रूट पर वर्चस्व की लड़ाई में फायरिंग और मारपीट, परिचालक घायल, 2 आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर निजी बसों के संचालन को लेकर चल रही वर्चस्व की लड़ाई हिंसक हो गई। हापुड़ बाईपास पर स्कॉर्पियो और दूसरी बस की मदद से यात्रियों से भरी एक बस को जबरन रुकवाकर बदमाशों ने परिचालक पर फायरिंग की और फिर लोहे की रॉड व सरियों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मेरठ के राधना निवासी परिचालक जैद ने पुलिस को बताया कि यह घटना 3 अगस्त को हुई थी। वह दिल्ली जा रही बस में ड्यूटी पर थे। एनएच-9 बाईपास पर आरोपियों ने बस रुकवाई और बस में घुसकर धमकी दी कि इस रूट पर सिर्फ उनकी बसें चलेंगी। विरोध करने पर पहले फायरिंग की गई। गोली न लगने पर जैद और उसके साथी वजाहत की जमकर पिटाई की गई। आरोपियों ने जैद से यात्रियों का 5,800 रुपये किराया, पर्स और जरूरी दस्तावेज भी लूट लिए। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे सहम गए जबकि कई यात्री सीटों के नीचे छिप गए।
घटना के बाद घायल परिचालक बस लेकर सीधे हापुड़ देहात थाने पहुंचा। पुलिस ने उसकी तहरीर पर हत्या के प्रयास, लूट, फायरिंग और मारपीट सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 24 घंटे के भीतर बुधवार शाम करीब 4 बजे खुलासा किया। पुलिस ने ताहिर और अनवार नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार दोनों का आपराधिक इतिहास भी है। इस मामले में नामजद आरिफ और शाहरुख अभी फरार हैं।
देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।





