राज्यबिहारराज्य

Bihar : निगरानी विभाग का बड़ा एक्शन, 1.26 लाख रुपये रिश्वत लेते इंजीनियर समेत दो कर्मी रंगे हाथ गिरफ्तार

Banka (मृत्युंजय) : निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को जिला परिषद कार्यालय में छापेमारी कर एक इंजीनियर समेत दो कर्मियों को 1 लाख 26 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, जिला परिषद की योजना पर कार्य कर रहे संवेदक अवध बिहारी ने रिश्वत मांगने की शिकायत निगरानी विभाग से की थी। शिकायत में जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव, जेई सुधीर कुमार, कर्मी जागेश्वर मंडल और इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल सहित पांच लोगों के नाम शामिल थे। निगरानी विभाग ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।

इसके बाद निगरानी की टीम ने जिला परिषद कार्यालय में दबिश दी और कर्मी जागेश्वर मंडल तथा इंजीनियर ओमप्रकाश मंडल को 1 लाख 26 हजार रुपये की रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने जिला परिषद अध्यक्ष राजेंद्र यादव से भी पूछताछ की।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के डीएसपी सत्येंद्र राम ने बताया कि सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई थी, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को भागलपुर स्थित निगरानी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button