राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : सांस्कृतिक सरोकारों से प्रकृति को जोड़ता मथुरा जोधपुर झाल वेटलैंड

Mathura News : विश्व वेटलैंड्स दिवस के अवसर पर आगरा मथुरा सीमा पर स्थित जोधपुर झाल वेटलैंड में पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक चेतना को समर्पित एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वेटलैंड्स के संरक्षण जैव विविधता के महत्व और प्रवासी पक्षियों की भूमिका के प्रति आमजन में जागरूकता फैलाना रहा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं वन विभाग के अधिकारियों को जोधपुर झाल वेटलैंड में बर्ड वॉचिंग कराई गई। अधिकारियों ने विभिन्न प्रवासी पक्षियों का अवलोकन कर वेटलैंड की पारिस्थितिकी को नजदीक से समझा। इकोलॉजिस्ट डॉ के पी सिंह ने वेटलैंड की प्रवासी पक्षियों के माइग्रेशन में भूमिका पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जोधपुर झाल सैकड़ों किलोमीटर दूर से आने वाले पक्षियों के लिए सुरक्षित विश्राम और भोजन स्थल उपलब्ध कराता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत जीजीआईसी स्कूल फरह ऋषिकुल स्कूल एवं सूरज गोविंद स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया गया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण जल स्रोतों और पक्षियों के महत्व को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बीआरडीएस संस्था द्वारा वेटलैंड और जैव विविधता विषय पर लगाई गई फोटो प्रदर्शनी ने भी आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि वेटलैंड्स केवल पर्यावरणीय धरोहर नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत का भी अभिन्न हिस्सा हैं। परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने जोधपुर झाल वेटलैंड के संरक्षण प्रयासों की सराहना करते हुए इसे ब्रज क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि प्रकृति संरक्षण को सांस्कृतिक चेतना से जोड़ना आज की आवश्यकता है।

प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी मथुरा वेंकट श्रीकर पटेल ने कहा कि जोधपुर झाल वेटलैंड के वैधानिक संरक्षण से जुड़े कार्यों में तेजी लाई जाएगी ताकि इसकी प्राकृतिक संरचना और जैव विविधता सुरक्षित रह सके।

कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय वनाधिकारी अतुल तिवारी ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण सलाहकार मुकेश शर्मा एसडीओ मथुरा सुशील कुमार एसडीओ सादाबाद मनीष कुमार शर्मा जिला पर्यावरण समिति सदस्य मनोज सक्सेना ग्राम प्रधान सहित अनेक अधिकारी पर्यावरणविद शिक्षक एवं छात्र उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button