उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

उत्तर प्रदेश : प्लाईबोर्ड फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की चार गाड़ियां कई घंटे से बुझाने में जुटीं

Hapur News : हापुड़ में धौलाना थाना क्षेत्र के यूपीएसआईडीसी फेज-1 स्थित एक प्लाईबोर्ड फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

पुलिस के अनुसार यूपीएसआईडीसी फेज-1 में विहारी जी लेमिनेट नाम से प्लाईबोर्ड बनाने की फैक्ट्री संचालित है। शुक्रवार सुबह अचानक फैक्ट्री परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।

फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। हालात बिगड़ते देख कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की खबर मिलते ही आसपास स्थित अन्य फैक्ट्रियों में काम कर रहे कर्मचारी भी एहतियातन बाहर निकल आए। दूर से ही आग की लपटें और काला धुआं दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों को आशंका थी कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह आसपास की फैक्ट्रियों तक भी फैल सकती है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का अभियान शुरू कर दिया गया। दमकल कर्मी लगातार कई घंटों से आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।

खबर लिखे जाने तक करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पूरी तरह से नियंत्रित नहीं हो सकी थी और दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने में लगे हुए थे।

पिलखुवा फायर स्टेशन के केंद्र प्रभारी सचिन बालियान ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की चार गाड़ियां लगातार काम कर रही हैं और प्राथमिकता आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकने की है। उन्होंने कहा कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही उसके सटीक कारणों का पता चल सकेगा, जिसके बाद मामले की जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button