राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

उत्तर प्रदेश : हापुड़ में कोहरे का कहर, आधा दर्जन वाहन टकराए

Hapur News : दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र और सिंभावली थाना क्षेत्र में रविवार सुबह कोहरे के कारण सड़क हादसों में एक के बाद एक कर आधा दर्जन वाहन आपस में टकरा गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। हादसे के बाद सड़क पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने हटवाया।

रविवार की सुबह करीब 5 बजे कीर्ति नगर दिल्ली निवासी सुनील अपनी बोलेरो पिकअप गाड़ी से दिल्ली से बिजनौर जा रहे थे। बछलौता फ्लाई ओवर पर पहुंचते ही अचानक पिकअप का टायर फट गया। इसी बीच पीछे से आ रहे जयंतीपुर थाना मंझौला जनपद मुरादाबाद निवासी इरफान की गाड़ी बोलेरो पिकअप से टकरा गई। हादसे में कार सवार जयंतीपुर थाना मंझौला जनपद मुरादाबाद निवासी सलमा को हल्की चोट आई।

सिंभावली थाना क्षेत्र में भी सुबह करीब 6:50 बजे घने कोहरे के कारण बक्सर गांव के निकट एक कार और ट्रॉला आपस में टकरा गए। चालक व परिचालक बाल-बाल बचे। इसके अलावा भी कई अन्य वाहन भिड़ गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई।

Related Articles

Back to top button